City Post Live
NEWS 24x7

मुख्यमंत्री ने आड्रे हाउस का नाम महात्मा गांधी स्मृति भवन किए जाने की घोषणा की

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

मुख्यमंत्री ने आड्रे हाउस का नाम महात्मा गांधी स्मृति भवन किए जाने की घोषणा की

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने मोरहाबादी के बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया
रांची : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जयंती के अवसर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मोरहाबादी के बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रांची स्थित आड्रे हाउस का नाम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्मृति भवन किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राता महात्मा गांधी के सपने को साकार करना हम सभी का कर्तव्य है। आज झारखंड 99 प्रतिशत ओडीएफ हो चुका है। पूरे राज्य में स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरुकता आई है। वर्ष 2014 से पहले राज्य मात्र 16 प्रतिशत ओडीएफ था। 15 नवम्बर 2018 तक हमारा राज्य शत-प्रतिशत ओडीएफ हो जाएगा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 02 अक्टूबर 2014 को राजपथ से जनसमूह को संबोधित करते हुए समस्त देशवासियों से यह आह्वान किया था कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर हम स्वच्छ भारत उनके चरणों में समर्पित करें। इस लक्ष्य को पूरा करने में झारखंड महती भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वें जयंती समारोह वर्ष की शुरुआत पूरे देश में उत्साह और उल्लास के साथ हो रही है। आज ही के दिन भारत मां की कोख से ऐसे महापुरुष का जन्म हुआ था जिन्होंने अहिंसा को अपनी शक्ति बना कर देश को आजाद कराने में महती भूमिका निभाई थी। राष्ट्रपिता महातमा गांधी के मान-सम्मान को अक्षुण्ण रखना हम सभी देशवासियों का कर्तव्य है। इस अवसर पर राज्य के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने भी लोगों को संबोधित किया। इस अवसर पर रांची सांसद रामटहल चौधरी, खिजरी विधायक राम कुमार पाहन, रांची मेयर आशा लकड़ा, रांची डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, गृह सचिव एसकेजी रहाटे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. सुनील कुमार वर्णवाल, उद्योग सचिव विनय कुमार चौबे, झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ दीपांकर पांडा सहित अन्य अधिकारी, टाना भगत, स्कूली बच्चे एवं अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

सिर्फ सरकार नहीं, सभी के संकल्प से ही आयेगी स्वच्छता
मुख्यमंत्री ने कहा कि शत प्रतिशत शौचालयों का उपयोग हो यह सुनिश्चित करना हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए मिशन मोड में लोगों के बीच जागरूकता फैलाएं। सामुदायिक स्वच्छता सिर्फ सरकारी स्तर पर हो रहे प्रयास से प्राप्त नही किया जा सकता। इसके लिए सभी को प्रतिबद्धता और संकल्प के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। मुझे क्या-मेरा क्या की भावना से बाहर निकलकर समाज के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मी, जल सहिया एवं स्वच्छताग्राही बहनों के अथक प्रयास का ही परिणाम है कि आज हम स्वच्छता के क्षेत्र में झारखंड को अग्रणी राज्यों की सूची में शुमार कर सके हैं। राज्य की सवा तीन करोड़ जनता ने भी पूरी ईमानदारी से इस मिशन को पूरा करने में सहयोग दिया है।

भटके हुए मुख्यधारा में लौटकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका अदा करें
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलकर ही हम सशक्त एवं समृद्ध झारखंड का निर्माण कर सकेंगे। किसी भी समस्या का समाधान अहिंसा के रास्ते पर ही चल कर करना चाहिए। हिंसा का रास्ता अपनाकर कभी भी किसी समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यधारा से भटके हुए लोगों से अपील की कि वे मुख्यधारा में लौटकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका अदा करें। आतंकवाद, उग्रवाद, माओवाद रूपी हिंसात्मक रास्तों से निकलकर सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलें।

राज्य के जेलों में बंद 144 कैदी रिहा किए गए
इस अवसर पर झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा 73 महिला प्रशिक्षणार्थियों के बीच सिलाई मशीन एवं इलेक्ट्रीक मशीन वितरित की गई। राज्य की जेलों में बंद 144 कैदियों को भी आज रिहा किया गया ताकि वे अपनी नई जिंदगी शुरू कर सकें।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.