City Post Live
NEWS 24x7

योगी सरकार के चार साल, पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने दी शुभकामनाएं

- Sponsored -

-sponsored-

- Sponsored -

सिटी पोस्ट लाइव, लखनऊ: योगी सरकार को 19 मार्च को अपने चार वर्ष पूरे करने जा रही है। प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने इस मौके पर सरकार के साथ-साथ प्रदेश वासियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। श्री नाईक ने अपने शुभेच्छा संदेश में गुरुवार को कहा कि वर्ष 2014 में जब उन्होंने राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की थी तब उत्तर प्रदेश ‘उत्तम प्रदेश’ बनें ऐसी कामना उन्होंने व्यक्त की थी। यह कामना योगी सरकार ने साकार की है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही उत्तर प्रदेश ‘सर्वोत्तम प्रदेश’ बनेगा।
सही दिशा मिलने पर उप्र की प्रगति को कोई रोक नहीं सकता
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपार संभावनाओं का भंडार है। सही दिशा मिले तो उत्तर प्रदेश की प्रगति को कोई रोक नहीं सकता। जिस तेजी से प्रदेश में व्यापार-उद्योग बढ़ रहा है, उसके चलते 35 लाख से भी अधिक युवाओं को आमदनी का रास्ता मिल गया है। विश्व बैंक के मानकों के अनुसार अब देश में आंध्र प्रदेश के बाद उद्योग करना आसान रहने के लिए (ईज ऑफ डूईंग बिजिनेस) उत्तर प्रदेश दूसरे क्रमांक पर है। जबकि पहले यह 14 वें स्थान पर था। उन्होंने कहा कि अब तक उत्तर प्रदेश के निजी क्षेत्रों में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश हुआ। राजस्व में हुई बढ़ोतरी भी प्रशंसनीय है। वर्ष 2017 में जीएसटी के तहत 9 हजार करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ था, यह बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये हो गया है।
अर्थ व्यवस्था के साथ कानून व्यवस्था में सुधार पर जताया संतोष
श्री नाईक ने अर्थ व्यवस्था के साथ साथ कानून व्यवस्था में भी हो रहे सुधार पर विशेष संतोष जताया। उन्होंने कहा कि एक हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की माफियाओं की अवैध संपत्तियों का जब्तीकरण तभी हो सकता है जब कानून व्यवस्था मजबूत हो। महिलाओं के लिए 1,500 से अधिक पुलिस थानों में मदद कक्ष स्थापित करने से महिलाएं अब स्वयं को सुरक्षित व सशक्त महसूस करती होगी।
काशी, प्रयागराज और अयोध्या का हुआ विकास
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में वर्षों से इंसेफेलाइटिस की बीमारी के कारण बड़े पैमाने पर मृत्यु होती थी। इस आपदा पर भी योगी सरकार ने नियंत्रण पाया और मृत्यु दर 91 प्रतिशत कम हुई है। स्वच्छता के प्रयासों में योगी सरकार कोई कमी नहीं छोड़ रही इसका यह सबूत है। सरकार के ऐसे ही कड़े प्रयासों का काशी, प्रयागराज और अयोध्या के विकास में भी योगदान है।
कोरोना पर काबू पाने में महाकुंभ का स्वच्छता का अनुभव आया काम
उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2019 में प्रयागराज में महाकुंभ का सफल आयोजन किया जिसमें 24 करोड़ श्रद्धालु आये थे। महाकुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष रहे श्री नाईक ने कहा कि महाकुंभ के समय सुरक्षा, स्वच्छता व सुव्यवस्था की परीक्षा में खरी उतरी योगी सरकार को शायद यही अनुभव कोरोना पर काबू लाने में मददगार हुए होंगे। पूरे विश्व का यह मानना है कि उत्तर प्रदेश में कोरोना का सबसे बेहतर प्रबंधन हुआ है। उल्लेखनीय है कि योगी आदित्यनाथ की सरकार को चार वर्ष पूर्व श्री नाईक ने ही शपथ दिलायी थी।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.