सिटी पोस्ट लाइव : नीतीश कुमार आज फिर से एक बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रही है उधर महागठबंधन में हार पर हाहाकार मचा हुआ है।हार के बाद अब महागठबंधन में फूट पड़ती दिख रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर ही आरजेडी के सीनियर लीडर ने हमला बोल दिया है। हार का सारा ठीकरा कांग्रेस के मत्थे ही उन्होंने फोड़ दिया है।
आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कार्यशैली की वजह से बीजेपी को मदद मिल रही है।शिवानंद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महागठबंधन के लिए बाधा बन गई। कांग्रेस ने 70 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, लेकिन 70 रैलियां भी नहीं कीं। राहुल गांधी बिहार में केवल तीन दिन के लिए आए। प्रियंका गांधी नहीं आईं क्योंकि वो बिहार से उतना परिचित नहीं थीं।
उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव सरगर्मी तेज थी और राहुल गांधी शिमला में प्रियंका गांधी के घर पिकनिक मना रहे थे। क्या पार्टी ऐसे चलती है? कांग्रेस पार्टी जिस तरह से चलाई जा रही है, उससे बीजेपी को फायदा हो रहा है।
शिवानंद तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के घर बैठक हुई थी। इस बैठक में कपिल सिब्बल, शशि थरूर, मुकुल वासनिक, मनीष तिवारी ये सब लोग बैठे थे। सब लोगों ने चिट्ठी लिखी, ये सब जीवन भर कांग्रेस के प्रति लॉयल रहे। इस तरह से आप पार्टी नहीं चला सकते है। इस तरह से पार्टी चलती है क्या? कांग्रेस का जिस तरह से कारोबार चल रहा है उससे बीजेपी का फायदा हो रहा है।
आरजेडी नेता ने कहा कि मुझे लगता है कि केवल बिहार में ही ऐसा नहीं है। अन्य राज्यों में भी कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने पर जोर देती है, लेकिन वो चुनाव जीतने में विफल रहती है। कांग्रेस को इस बारे में सोचना चाहिए।
Comments are closed.