हेमंत जी किस बात का इंतजार है, रेल मंत्री आप पर मेहरबान हैं: जयंत सिन्हा
सिटी पोस्ट लाइव, रामगढ़: हेमंत जी किस बात का इंतजार है। रेल मंत्री आप पर मेहरबान हैं। बस आप ट्रेनों की संख्या बताइए। झारखंड के हर प्रवासी नागरिक को उसके घर तक पहुंचाने के लिए रेल मंत्री ने हामी भर दी है। अब बस आपके आदेश का इंतजार है। यह बात गुरुवार को हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा ने कही। जयंत सिन्हा ने कहा कि झारखंड के लाखों लोग दूसरे प्रदेश में फंसे हैं। उसमें 57000 प्रवासी नागरिक हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के भी हैं।
जयंत सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बुधवार को केंद्र सरकार से ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की थी। गुरुवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट कर दिया है कि झारखंड के हर प्रवासी नागरिक को उनके घर तक पहुंचाने के लिए रेलवे प्रतिबद्ध है। जितनी चाहे उतनी ट्रेनें झारखंड के विभिन्न स्टेशनों के लिए चलाई जाएंगी। झारखंड के मजदूरों व कामगारों ने देश के निर्माण और अर्थव्यवस्था में बहुमूल्य योगदान दिया है। उन्हें घर पहुंचाने के लिए रेल मंत्रालय सहर्ष तैयार है। इसमें अब सिर्फ झारखंड के मुख्यमंत्री के आदेश का इंतजार है।
जयंत सिन्हा ने कहा कि मैंने 8 दिन पहले ही मुख्यमंत्री को प्रवासी नागरिकों और कामगारों की एक सूची सौंपी थी। गूगल फॉर्म के जरिए बनाई गई सूची में 57000 लोगों के नाम, मोबाइल नंबर और पता मौजूद था। उन्हें वापस घर लाने के लिए मैंने कई बार सीएम दफ्तर, आवास और निजी सहायक तक को संपर्क करने की कोशिश की। कहीं से जवाब ना मिला तो रेल मंत्री पीयूष गोयल को भी वह सूची भेजी। उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया और झारखंड के मुख्यमंत्री को आश्वस्त कराया कि वे जितना चाहे रेल मंत्रालय उनके साथ खड़ा है। अब बिना किसी झिझक और देर किए मुख्यमंत्री को आदेश जारी करना चाहिए।
Comments are closed.