City Post Live
NEWS 24x7

सरकार के द्वेषपूर्ण व्यवहार पर सपा प्रतिनिधिमण्डल ने की राज्यपाल से मुलाकात

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

सिटी पोस्ट लाइव, लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल ने शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलकर उनसे प्रदेश में बढ़ती अराजकता और समाजवादी नेताओं पर बदले की भावना से हो रही कार्रवाई के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए तत्काल उन पर नियंत्रण किए जाने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के नेतृत्व में अन्य विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह ‘साजन’, आनन्द भदौरिया एवं उदयवीर सिंह के प्रतिनिधिमण्डल ने राज्यपाल से भेंट कर ज्ञापन सौंपा।
इसमें कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार विपक्ष के प्रति और खासकर समाजवादी पार्टी के प्रति द्वेषपूर्ण व्यवहार कर रही है। संविधान की ली गई शपथ के प्रतिकूल उसका आचरण भेदभावपूर्ण होता है। इससे प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। सत्ता संरक्षित अपराधियों के कारनामों से जनता भयभीत है। ज्ञापन में कहा गया है कि स्थिति यह है कि प्रदेश में निर्दोष सताए जा रहे हैं। फर्जी एनकाउण्टर और हिरासत में मौतें हो रही हैं। अपहरण, लूट, हत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं। सरकार इन पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। महिलाओं और बच्चियों के साथ तो आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है। फर्जी आंकड़ों से यह सरकार काम चला रही है।
सर्वाधिक चिंता का विषय तो यह है कि सत्तादल के इशारे पर पुलिस का व्यवहार गैरजिम्मेदाराना और संवेदनहीन होता जा रहा है। लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की संवैधानिक मान्यता है लेकिन, प्रदेश में भाजपा सरकार अपनी एकाधिकारवादी मानसिकता से काम कर रही है। शांतिपूर्ण अहिंसात्मक विरोध भी उसे बर्दाश्त नहीं है। बेरोजगारी से परेशानहाल नौजवान जब अपनी मांग उठाते हैं तो उन पर लाठियां बरसती हैं। प्रतिनिधिमण्डल ने राज्यपाल को बताया कि विभिन्न जनपदों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को बदले की भावना से उत्पीड़न का शिकार बनाया जा रहा है। रामपुर के सांसद और पूर्वमंत्री मोहम्मद आजम खां और उनके परिवार पर तमाम फर्जी केस लगा दिए गए हैं। जनपद प्रतापगढ़ में सपा नेताओं पर सत्तादल के इशारे पर झूठे मामले गढ़े जा रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख पट्टी  माधुरी यादव के पति सभापति यादव को एनकाउण्टर किए जानेंकी धमकी दी जा रही है। उनका जीवन असुरक्षित है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष  छविनाथ यादव की फर्जी मुकदमे में गिरफ्तारी के बाद उनके भाई का भी उत्पीड़न हो रहा है। कुण्डा नगर पंचायत की चेयरमैन सीमा यादव के पति और पूर्व चेयरमैन गुलशन यादव को भी आए दिन पुलिस परेशान कर रही है।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.