City Post Live
NEWS 24x7

भाजपा सरकारें किसी धर्म विशेष के लिए काम नहीं करतींं: मुख्यमंत्री

राज्य सरकार हर तबके के विकास के लिए प्रतिबद्ध: मंत्री सीपी सिंह 

- Sponsored -

- Sponsored -

-sponsored-

भाजपा सरकारें किसी धर्म विशेष के लिए काम नहीं करतींं: मुख्यमंत्री
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ सबका विकास के साथ सबके विश्वास जीतने में भरोसा रखती है। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारें किसी धर्म विशेष के लिए काम नहीं करती है। यही कारण है कि झारखंड बनने के इतने वर्षों के बाद आज हमारी सरकार ने मुस्लिम धर्मावलंबियों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए आधुनिक और भव्य हज हाउस का निर्माण कराया है। हमारा मानना है कि गरीबी का कोई धर्म नहीं होता है। गरीब की सेवा ही हमारी सरकार का धर्म है। मंगलवार को मुख्यमंत्री दास यहां राजधानी में हज हाउस के उदघाटन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। दास ने कहा कि हर समस्या का एक ही समाधान है और वो है विकास। हमारी सरकार राज्य में विकास के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की योजनाओं को भी राज्य सरकार धरातल पर उतार रही है। हमारे लिए हर नागरिक महत्वपूर्ण है। हमारी लड़ाई गरीबी के खिलाफ है। सभी को आगे बढ़ने का अधिकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम समाज के हितैषी बनने वालों ने उनकी कभी चिंता नहीं की। लोगों को अब सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री आवास योजना का सबसे ज्यादा लाभ गरीब और बेघर मुसलमानों को मिला है। हर घर में शौचालय, हर घर में एलपीजी गैस जैसी योजनाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाएं काफी हुनरमंद है। सरकार उन्हें प्रशिक्षित कर स्वरोजगार से जोड़ने का काम कर रही है। यहां भी एक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की शुरूआत करें, सरकार हर संभव मदद करेगी। महिला शक्ति आगे बढ़ेगी, तो समाज और राज्य भी आगे बढ़ेगा। युवाओं को भी रोजगार देने के लिए कई प्रशिक्षण केंद्र चलाये जा रहे हैं। रघुवर दास ने कहा कि राज्य से गरीबी समाप्त करने का संकल्प लिया है। हमारी नियत साफ है, नीति स्पष्ट है। हमारे पास प्राकृतिक संसाधन, अच्छा वातावरण और मेहनतकश मानव बल हैं। हमारा लक्ष्य है कि झारखंड का नाम दुनिया के विकसित देशों की तुलना में आये। हम सभी को मिल कर नये भारत और नये झारखंड का निर्माण करना है। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि राज्य में पहले भी हज हाउस का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन बनने से पहले ही गिरने की नौबत आ गयी थी। आज हमारी सरकार ने हज हाउस बनवाया है। रघुवर दास के नेतृत्व वाली राज्य सरकार हर तबके के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने देश का सबसे अच्छा हज हाउस बनाने का वादा किया था, जिसे आज पूरा कर दिया। झारखंड से हज के लिए जाने वाले यात्रियों की सुविधा का भी राज्य सरकार पूरा ध्यान रख रही है। रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास मंत्र के साथ काम कर रही है। कार्यक्रम में हटिया विधायक नवीन जायसवाल, कांके विधायक डॉ. जीतू चरण राम, रांची मेयर आशा लकड़ा, नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, कल्याण सचिव  हिमानी पांडेय, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष  कमाल खान समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.