City Post Live
NEWS 24x7

झारखंड में पांच साल में बढ़े 20 लाख मतदाता

-sponsored-

-sponsored-

- Sponsored -

झारखंड में पांच साल में बढ़े 20 लाख मतदाता

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड में पिछले पांच सालों में 20.19 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। चुनाव आयोग से जारी आंकड़ों के अनुसार 2014 में राज्य में 1.99 करोड़ मतदाता थे, लेकिन 30 जनवरी 2019 तक 2.19 करोड़ मतदाता हो गए हैं। इनमें 1.15 करोड़ पुरूष और 1.04 करोड़ महिला मतदाता हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत केवल 63.84 फीसदी रहा था। चुनाव आयोग लगातार मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। इसी का नतीजा है कि 2014 में विधानसभा चुनाव में 66.47 फीसदी मतदान हुआ था। आयोग ने उम्मीद जताई है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत और बढ़ेगा। झारखंड राज्य में 14 लोकसभा क्षेत्र हैं। शहर के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों अधिक पोलिंग बूथ हैं। कुल पोलिंग बूथों का शहर में 14.95 और ग्रामीण में 85.05 फीसदी हैं। इनमें से 94.20 फीसदी पोलिंग बूथ पर रैंप की व्यवस्था है। बिजली वाले 80.30, पेयजल सुविधा युक्त 97.65, शौचालय युक्त 97.66 और शेड के साथ वेटिंग रूम वाले 93.31 फीसदी पोलिंग बूथ हैं।
पहली बार ईवीएम पर उम्मीदवारों की फोटो 
इस बार चुनाव में सभी बूथों पर वीवीपैट के इस्तेमाल किये जायेंगे। इसके तहत वोटिंग के बाद मतदाताओं को पर्ची दी जाएगी कि उन्होंने किसे वोट डाला। लोकसभा चुनाव के दौरान पहली बार ईवीएम मशीन पर चुनाव चिह्न के साथ उम्मीदवारों के फोटो होंगे। जीपीएस से वीवीपैट बंडलों की निगरानी की जाएगी।
रांची लोकसभा क्षेत्र में महिलाओं के लिए 198 पिंक मतदान केंद्र
रांची लोकसभा क्षेत्र में महिलाओं के लिए विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों को पिंक बूथ का नाम दिया गया है। रांची लोकसभा चुनाव के लिए रांची शहरी क्षेत्र जिसमें खिजरी, रांची, हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हिस्सा लेंगे। ऐसे 198 मतदान केंद्रों को पिंक मतदान केंद्रों के रूप में चयनित किया गया है। इन मतदान केन्द्रों के लिए सबसे खास बात यह होगी कि यहां न सिर्फ महिला मतदाता होंगी, बल्कि यहां के सभी मतदानकर्मी औऱ पुलिसकर्मी भी महिला ही होंगी। हर केंद्रों पर चार मतदानकर्मी, एक बीएलओ और कम से कम 1/4 की महिला पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
चार चरणों में 14 सीटों पर होगी वोटिंग
लोकसभा चुनाव की तारीखों का रविवार को एलान कर दिया गया। झारखंड में चार चरणों में 14 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। पहले चरण में तीन सीटों पर 29 अप्रैल को, दूसरे चरण में 6 मई को चार सीटों पर, तीसरे चरण में 12 मई को चार सीटों पर और चौथे चरण में 19 मई को तीन सीटों पर मतदान होंगे। 23 मई को वोटों की गिनती होगी। 10 मार्च से झारखंड सहित पूरे देश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। पूरे देश में सात चरणों में चुनाव कराए जाएंगे।
मतदान की तारीख और सीट
29 अप्रैल- चतरा, लोहरदगा (सुरक्षित) और पलामू (सुरक्षित)।
06 मई- कोडरमा, रांची, खूंटी और हजारीबाग।
12 मई- गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर और सिंहभूम (चाइबासा)।
19 मई- राजमहल, दुमका और गोड्डा
पिछले लोस चुनाव में ऐसे थे नतीजे
2014 में हुए लोकसभा चुनाव में कोडरमा, खूंटी, गिरिडीह, गोड्‌डा, चतरा, जमशेदपुर, धनबाद, पलामू, रांची, लोहरदगा, सिंहभूम (चाईबासा) और हजारीबाग पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। जबकि दुमका और राजमहल लोकसभा सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खाते में गई थी।
झारखंड में मतदाताओं का आंकड़ा
कुल मतदाता- 2,19,81,479
पुरुष मतदाता- 1,15,07,697
महिला मतदाता- 1,04,73,475
थर्ड जेंडर- 307 

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.