City Post Live
NEWS 24x7

झारखंड के सर्वांगीण विकास में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण : रघुवर दास

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

झारखंड के सर्वांगीण विकास में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण : रघुवर दास

सिटी पोस्ट लाइव, रांची :मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है। राज्य में स्थिर सरकार बनने के बाद हर क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा  है। पुलिस और आम जनता के सहयोग के कारण राज्य भ्रष्टाचारमुक्त, उग्रवादमुक्त, अपराधमुक्त होने की दिशा में अग्रसर है। पिछले चार वर्षों में झारखंड से 80 प्रतिशत उग्रवाद का खात्मा किया जा चुका है। हमे पूर्ण विश्वास है कि शेष 20प्रतिशत उग्रवाद को भी झारखंड पुलिस उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि यह पुलिस कर्मियों का अथक प्रयास का ही परिणाम है कि आज झारखंड को तीव्र गति से विकास करने वाले राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा करने में हम सफल हो पाए हैं। दास झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर डोरंडा के जैप वन ग्राउंड में आयोजित 18वें झारखंड स्थापना दिवस परेड एवं अलंकरण समारोह को संबोधित करते कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्व, त्योहारों एवं विपरीत परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी बिना कोई छुट्टी के लगातार आम जनता की सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था के संधारण के लिए कर्तव्य स्थल पर तैनात रहते हैं। राज्य सरकार द्वारा पूर्व में यह घोषणा की गयी थी कि झारखंड में पुलिसकर्मियों को हर वर्ष 13 माह का वेतन दिया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा किया गया यह वादा जरूर पूरा होगा। 13 महीने वेतन निर्धारण की प्रक्रिया प्रगति पर है आने वाले नए वर्ष में पुलिसकर्मियों को यह खुशखबरी मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद आम जनता की सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था के संधारण के लिए राज्य में 15 हजार पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की गई है। राज्य में अपराध मुक्त व्यवस्था लागू करना सरकार की प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान आधारित युग में पुलिस को भी तकनीकी का पूरा उपयोग करना चाहिए। राज्य एवं देश में साइबर क्राइम चुनौती के तौर पर उभर रहा है। साइबर क्राइम जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न चिन्हित जगहों पर साइबर थाना भी बनाया गया है। साइबर क्राइम को आधुनिक तकनीक अपनाकर ही खत्म किया जा सकेगा। पुलिस विभाग अपने मानव संसाधन को दक्षता युक्त बनाएं, ताकि वे साइबर क्राइम का मुंहतोड़ जवाब दे सकें। मुख्यमंत्री कहा कि शहर में अमन चैन रहे इस के लिए सभी चिन्हित चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।दास ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहीद हुए पुलिसकर्मियों के वैसे परिवार अथवा आश्रितों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिया जाएगा जो आवासहीन हैं। महिला पुलिसकर्मी एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के आवासन एवं अन्य सुविधा के लिए अलग अलग बैरक का निर्माण कराया जा रहा है। महिला पुलिस कर्मियों के आवासन के लिए कुल 28 स्थानों में महिला बैरक का निर्माण कराया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने अलंकरण दिवस के अवसर पर झारखंड पुलिस के कुल 102 पदाधिकारियों/ कर्मियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया।इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, डीजी होमगार्ड बी बी प्रधान, डीजी जैप नीरज सिन्हा, डीजी मुख्यालय पी आर के नायडू, पुलिस पदक से सम्मानित सभी वरीय एवं कनीय पुलिस पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन एवं परेड में शामिल महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी सहित अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.