जनता ने नकारा तो झामुमो अपनी भड़ास ईवीएम पर उतार रहा है, हार स्वीकार करें हेमंतः भाजपा
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झामुमो की समीक्षा बैठक के बाद हेमंत सोरेन के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ा था। रविवार को प्रतुल ने कहा जब झामुमो जीतता है तो ईवीएम ठीक रहती है और इस चुनाव में उसकी हार हो गई तो वह बैलट पेपर से चुनाव कराने की बात करने लगा। उन्होंने कहा, ऐसा कहकर हेमंत सोरेन जनादेश का अपमान कर रहे हैं। उन्हें जनता के आदेश को स्वीकार करना चाहिए और इस तरह की बहानेबाजी से परहेज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में गुरुजी की हार के साथ झामुमो के अंत की शुरुआत हो गई है। संथाल की जनता में इस बात से भी काफी रोष था कि गुरु जी की खराब सेहत के बावजूद झामुमो ने उन्हें जबरदस्ती चुनाव में उतार दिया था। झारखंड के आदिवासियों और मूलवासियों सहित सभी वर्गों ने इस बार विकास के मुद्दे पर भाजपा का जमकर साथ दिया। शाहदेव ने कहा कि हेमंत आज बिल्कुल सही कह रहे हैं कि इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा राष्ट्रवाद था। देश की सीमाएं सुरक्षित रहेंगी तभी हम सुरक्षित रहेंगे। उसके बाद ही कोई दूसरा मुद्दा होगा। भाजपा ने इस चुनाव को विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर लड़ा था। हेमंत अभी भी अपनी हार स्वीकार करने को तैयार नहीं है और तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें सच्चाई का पूरा पता चल जाएगा।
Read Also
Comments are closed.