City Post Live
NEWS 24x7

रांची, हजारीबाग, खूंटी व कोडरमा से चुनाव मैदान में 61 उम्मीदवार,13 पर दर्ज हैं आपराधिक मामले

- Sponsored -

-sponsored-

- Sponsored -

रांची, हजारीबाग, खूंटी व कोडरमा से चुनाव मैदान में 61 उम्मीदवार,13 पर दर्ज हैं आपराधिक मामले

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड में दूसरे चरण में रांची, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में छह मई को मतदान होगा। इन चारों लोकसभा सीटों पर 61 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। इन संसदीय सीटों से लोकसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सहित 13 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय, भाकपा माले के राजकुमार यादव, नील जस्टिन बेक, सरफराज अहमद, भवेश कुमार मिश्रा, अजय कृष्णा, मोइनउद्दीन, गौतम कुमार, मिसबाउल इस्लाम, भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, बयास कुमार और राजू महतो के नाम शामिल हैं। रांची संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री सुबोधकांत सहाय के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है। उन पर नाजायज मजमा लगाने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का आरोप है। एडीआर के आंकड़ों के अनुसार, नौ उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। शेष उम्मीदवारों पर सामान्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। बसपा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनसंघर्ष स्वराज पार्टी, झारखंड विकास मोर्चा, भाकपा माले, भारतीय माइनॉरिटी सुरक्षा महासंघ और भारतीय जन क्रांति दल के उम्मीदवार के खिलाफ एक-एक मामला दर्ज है। खूंटी से माइनॉरिटी सुरक्षा महासंघ के नील जस्टिन बेक के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामला दो समुदाय या समूहों के बीच धार्मिक व भाषा आदि के आधार पर विद्वेष फैलना शामिल है। हजारीबाग से वामपंथी दल के भुवनेश्वर प्रसाद मेहता के खिलाफ हल्ला-गुल्ला, फसाद के आरोप में एक मामला दर्ज है। जनक्रांति दल के प्रत्याशी भवेश कुमार मिश्रा के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है। हजारीबाग से निर्दलीय प्रत्याशी मोइनउद्दीन के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है, जो रिश्वतखोरी से संबंधित है। हजारीबाग से निर्दलीय प्रत्याशी गौतम कुमार के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है। इसमें आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। हजारीबाग से पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिव के खिलाफ इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 के खिलाफ मामला दर्ज है। राजू महतो के खिलाफ घातक हथियार के साथ अवैध मजमा लगाने का आरोप है।

झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के खिलाफ 10 मामले दर्ज
झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के खिलाफ कुल 10 मामले दर्ज हैं। इनमें अधिकांश मामले जालसाजी और सुनियोजित साजिश के तहत दस्तावेज को सही के रूप में पेश नहीं करने का आरोप है। इसके अलावा उनके खिलाफ नाजायज मजमा लगाने का भी आरोप है।

माले के राजकुमार यादव पर दर्ज है हत्या के प्रयास का मामला
कोडरमा से माले प्रत्याशी राजकुमार यादव के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसमें एक मामला हत्या के प्रयास के संबंधित है। इसके अलावा कोडरमा से ही बसपा उम्मीदवार सरफराज अहमद के खिलाफ रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज है। इसी लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनसंघर्ष स्वराज पार्टी के उम्मीदवार अजय कृष्णा के खिलाफ महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला दर्ज है। 

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.