City Post Live
NEWS 24x7

खेल नीति तैयार, जल्द युवाओं को हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा: हेमंत

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य गठन के बाद पहली बार जिला खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति हो रही है, जिस राज्य में खेल की अपार संभावनाएं हैं। वहां खेल की व्यवस्था स्थापित ना हो सके यह गंभीर विषय था। सरकार गठन के साथ ही खेल को लेकर चिंतन मंथन किया जा रहा है। वर्तमान सरकार ने राज्य की आंतरिक क्षमताओं को जानने, समझने व उभारने का निर्णय लिया है। आज का दिन ऐतिहासिक है। अब तक पूरे राज्य में सिर्फ एक खेल पदाधिकारी कार्य की पूरा करते थे। अब वही कार्य अलग-अलग जिलों में 24 खेल पदाधिकारी पूर्ण करेंगे। इसके साथ ही खेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी नवनियुक्त जिला खेल पदाधिकारियों पर भी है और सरकार को भरोसा है कि नव नियुक्त पदाधिकारी इस जिम्मेवारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के भाव से पूर्ण करेंगे। झारखण्ड खनिज संपदा के समतुल्य खेल जगत में भी अपनी अलग पहचान बनायेगा।   मुख्यमंत्री आज नव चयनित खेल पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे।

खेल नीति तैयार, खिलाड़ियों के लिए पोर्टल जल्द
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति तैयार हो चुकी है। जल्द इसे मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति हेतु रखा जायेगा। राज्य के युवाओं को अपने हुनर को दिखाने का अवसर जल्द मिलेगा। राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए पोर्टल दुर्गा पूजा से पूर्व लांच करने की योजना बना रही है, जहां मौजूदा खिलाड़ी, प्रशिक्षक रेफरी, सेवानिवृत्त खिलाड़ी अपना पूर्ण विवरण दर्ज करा सकेंगे।

कोई प्रतिभा न छुटे इसलिए एक माह का समय
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ बच्चे सीधी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। पूर्व में सीधी नियुक्ति हुई थी। लेकिन इस दरमियान कई बच्चों ने अपना जौहर दिखाया है वे इससे  छूट ना जाये। इसलिए सरकार ने एक माह का समय दिया है ताकि बच्चे अपना आवेदन दे सकें।

पंचायत से लेकर राजधानी तक नेटवर्क बनाना है
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य पोटो हो खेल योजना का शुभारंभ किया गया। इसके तहत ग्रामीण स्तर पर खेल का मैदान तैयार हो रहा है। सरकार पंचायत से लेकर राजधानी तक नेटवर्क बनाने की तैयारी में है। ताकि खेल के विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित हो और खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकें।

संक्रमण के दौर में भी खिलाड़ियों को अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि संक्रमण के दौर में भी राज्य में 18 दिवसीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कराया गया। जेएससीए द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में करीब सभी जिला के खिलाड़ियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और खिलाड़ी उत्साह से लबरेज भी हुए। लाखों लोगों ने इस टूर्नामेंट को ऑनलाइन देखा।

महिला फुटबॉल खिलाड़ी झारखण्ड में करेंगी अभ्यास
मुख्यमंत्री ने कहा कि फीफा वर्ल्ड कप अंडर 17 महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने वाले भारतीय टीम का प्रशिक्षण गोवा में हो रहा था। टूर्नामेंट के लिए 12 लड़कियों का चयन झारखण्ड से हुआ है, जिनमें से छः लड़कियां अवश्य इस टूर्नामेंट में भारत की ओर से खेलेंगी। राज्य सरकार ने इस टूर्नामेंट में भाग ले रहीं देश भर की खिलाड़ियों को आमंत्रण भेजा है। ताकि झारखण्ड में अभ्यास कर रहीं राज्य की बच्चियों के साथ देश भर से चयनित खिलाड़ी अभ्यास कर सकें। इसकी स्वीकृति भी सरकार को मिल चुकी है।

लॉटरी प्रक्रिया से हुआ पदस्थापन, अधिसूचना भी कार्यक्रम में ही जारी
नव नियुक्त जिला खेल पदाधिकारियों का पदस्थापन लॉटरी के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष ही सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री खुद पर्ची खोल उनके पदस्थापन की घोषणा की। नव चयनित पदाधिकारियों ने बॉक्स से पर्ची निकाल मुख्यमंत्री को सौंपा और मुख्यमंत्री ने पर्ची में लिखे जिला के नाम की घोषणा की। गृह जिला आने के पर पुनः उनसे पर्ची निकलवा पदस्थापित किया गया। पदस्थापन से संबंधित अधिसूचना पर मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव ने अपने हस्ताक्षर समारोह के दौरान ही किये।

उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, सचिव पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग   पूजा सिंघल, नव नियुक्त जिला खेल पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.