City Post Live
NEWS 24x7

बिजली विभाग को 50लाख का नुकसान, रांची में टूटा बारिश का 31 साल पुराना रिकॉर्ड

- Sponsored -

-sponsored-

- Sponsored -

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: चक्रवाती तूफान यास के दौरान भी झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। रांची एवं आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती तूफान यास के कारण पेड़ों एवं टहनियों के टूटने एवं अत्यधिक वर्षा के कारण टहनियों के झुकने के पश्चात बिजली के तारों पर गिरने के फलस्वरुप विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, रांची ने बताया कि विशेषकर रातू, ब्राम्बे, बेड़ो पहाड़ी, कांके, नगड़ी, टाटीसिल्वे, अनगड़ा, सिल्ली, लोधमा, तेतरी, खूंटी एवं तोरपा इलाकों में आपूर्ति ज्यादा प्रभावित हुई है। इस आंधी तूफान में विभिन्न इलाकों के 50-60 पोल टूटने एवं 15 ट्रांसफार्मर के जलने की सूचना प्राप्त हुई है। जिसकी मरम्मत एवं बदलने हेतु चक्रवाती तूफान जैसे विषम परिस्थिति में भी विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों के द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए विद्युत आपूर्ति सामान्य बनाए रखा गया है। साथ ही प्रभावित स्थानों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने हेतु सार्थक प्रयत्न जारी है। शहर के लगभग सभी अस्पतालों एवं ऑक्सीजन प्लांट में विद्युत आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। विभिन्न इलाकों में पोल एवं अन्य सामग्री के टूटने एवं ट्रांसफार्मर के जलने के कारण विभाग को लगभग 50 लाख रुपए की अनुमानित आर्थिक क्षति हुई है।

24 घंटे में रांची में रिकॉर्ड 151मिमी बारिश  
रांची। चक्रवाती तूफान ‘‘यास’’ के कारण मई महीने में झारखंड में बारिश का कई पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। महीने में राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे में बारिश का नया रिकॉर्ड बन गया है। रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटे में रांची में 151 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी। इससे पहले 17 मई 1990 को रांची में सबसे अधिक 72.2 मिलीमीटर बारिश का रिकॉर्ड है।  उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक चाईबासा में 207.8मिमी बारिश हुई, जबकि मांडर में 182.2 मिमी बारिश हुई। लेकिन इन जिलों का पुराना आंकड़ा मौसम विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। ‘‘यास’’ की वजह से राज्य के कई अन्य जिलों में भी पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई। जिसके तहत चक्रधरपुर में 133.6 मिमी, तोरपा में 116मिमी, कुड़ू में 108.4, जमशेदपुर मुख्यालय में 108.1, खरसावां में 107, नीमडीह में 99.4मिमी, रामगढ़ में 93.6मिमी, जमशेदपुर में 89.6मिमी, चांडिल में 82.4, चतरा में 80.5मिमी, मांडू में 78.5, हरिहरगंज में 76.3, हिंदगीर में 76.2, कोनेर में 68.5 और चंद्रपुरा में 65 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। गौरतलब है कि चक्रवाती तूफान ‘‘यास’’ की वजह से राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से रूक-रूक कर बारिश हो रही है।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.