City Post Live
NEWS 24x7

27 कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे, कई अन्य मरीज भी जल्द लौटेंगे

- Sponsored -

-sponsored-

- Sponsored -

27 कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे, कई अन्य मरीज भी जल्द लौटेंगे

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव, संदिग्धों की पहचान और संक्रमित लोगों के इलाज के लिए सरकार की ओर से की गयी व्यवस्था कारगर साबित हो रही है। जिसके कारण राज्य में अब तक 115 कोरोना संक्रमितों में से 27 स्वस्थ होकर घर लौट चुके है और कई अन्य के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। राज्य में अब तक 12, 393 कोरोना संदिग्धों की जांच की जा चुकी है, इनमें से 12,278 की रिपोर्ट निगेटिव आयी है। राजधानी रांची में अब तक कुल 83 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से दो की मौत हो चुकी है। हालांकि कोरोना की जंग जीतने में रांची जिला प्रशासन ही अव्वल है, यहां अब तक 13 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

रविवार को भी रांची जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद  तीन लोगों को छुट्टी दे दी गयी। इनमें दो हिन्दपीढ़ी और एक बेड़े के रहने वाले है। वहीं देवघर के भी कोरोना संक्रमित दो मरीजों को छुट्टी दी गयी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि  रविवार का दिन राज्यवासियों के लिए राहत भरा है।  कल जाँच में कोई भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं पाया गया। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि सोशल डिस्टन्सिंग के नियमों का पूरा पालन करें और अपने घरों से बिना मास्क बाहर नहीं निकलें।

इधर, लॉकडाउन अवधि में दूसरे राज्यों में फंसे राज्यवासियों की वापसी को लेकर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने मानक संचालन प्रक्रिया, एसओपी जारी किया है।  राज्य सरकार द्वारा ऑनलाइन झारखंड यात्रा पंजीकरण पत्र भी जारी किया गया है , जिसपर प्रवासी झारखंड वासी खुद को पंजीकृत कर रहें हैं। सभी जिलों के उपायुक्त पंजीकृत लोगों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराएंगे। झारखंड के नजदीकी बिहार, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, जैसे राज्यों से लोगों की वापसी बस से  सुनिश्चित कराने की योजना बनायी गयी है, वहीं दूर के राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था करायी जा रही है। राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी  रेल से वापसी के लिए  संबंधित राज्य से समन्वय करेंगे और यात्रियों की सूची तथा उनके वापस आने के पश्चात स्क्रीनिंग और बसों से जिले में वापसी की सारी व्यवस्था की जाएगी।

जबकि जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी करेंगे बसों से लोगों की वापसी के लिए संबंधित राज्यों से समन्वय, यात्रियों की सूची और जिले में वापसी के बाद उनकी स्क्रीनिंग एवं होम क्वारंटाइन अथवा सरकारी क्वारंटाइन में भेजने की सारी व्यवस्था करेंगे। वहीं प्रत्येक जिला वापस आने वाले सभी लोगों की   पूरी सूची रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कंटेनमेंट जोन में जिन लोगों का घर है उन्हें वहां वापस जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक यात्रा के पहले एवं यात्रा के बाद सभी वाहनों को पूर्णतः सेनिटाइज करना आवश्यक है।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.