City Post Live
NEWS 24x7

एग्जिट पोल को लेकर झारखंड में चर्चा का बाजार गर्म

- Sponsored -

- Sponsored -

-sponsored-

एग्जिट पोल को लेकर झारखंड में चर्चा का बाजार गर्म

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न चैनलों पर दिखाए गए एग्जिट पोल को लेकर राज्य में चर्चा का बाजार गर्म है और इसको लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं। पिछले कई चुनावों में अपने एग्जिट पोल को सही करार देने में सफल रहे एक्सिस माई इंडिया ने इस बार राज्य विधानसभा के चुनाव में भाजपा को 22 से 32, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गठबंधन को 38 से 50, ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) को तीन से पांच, झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) को दो से चार, अन्य को चार से सात सीटें दी है। वहीं एबीपी सी वोटर ने भाजपा को 32, झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन को 35, आजसू को पांच, झाविमो को तीन तथा अन्य को छह सीटें दी हैं। टाइम्स नाउ ने भाजपा को 28, झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन को 44, आजसू को शून्य, झाविमो को तीन और अन्य को छह सीटें दिया है। राज्य की 81 विधानसभा सीटों पर बहुमत के लिए 41 विधायक होना चाहिए।

राज्य में पत्रकारों के रायशुमारी के आधार पर सीटों का जो अनुमान सामने आ रहा है, उसमें भाजपा 28 से 32, झामुमो 22 से 25, कांग्रेस 12 से 13, राजद दो से तीन, झाविमो तीन से पांच, आजसू दो से चार, निर्दलीय तीन, बसपा एक और माले को एक सीट मिलने की बात कही जा रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने शनिवार को दावा किया कि एग्जिट पोल से बेहतर परिणाम पार्टी प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने बलबुते पर सरकार बनाएगी क्योंकि विभिन्न क्षेत्रों से जो सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, वह पार्टी के लिए उत्साहवर्द्धक है। उन्होंने कहा कि वैसे भी सबसे बड़ी पार्टी होने की बात सभी लोग कह रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार बनना तय है और सभी चैनलों ने भाजपा को सीट घटाते हुए दिखाया है। उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस और राजद गठबंधन ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा गठबंधन चुनाव से पहले ही बिखर गयी और आजसू तथा लोजपा अकेले चुनाव लड़ी। झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता तनुज खत्री ने भी दावा किया कि महागठबंधन 50 से अधिक सीटें जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र से जो सूचना मिली है, वह महागठबंधन के लिए बहुत ही शुभ है। झाविमो महासचिव सरोज सिंह और पार्टी के मीडिया प्रभारी तौहीद आलम ने कहा कि अखबार और चैनल उनकी पार्टी को हल्के में आंक रही है, जो जमीनी सच्चाई से सर्वथा विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 12 से 16 सीटें जीतेगी और राज्य में एक मजबूत सरकार बनाने में झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बहरहाल 23 दिसम्बर को जब मतगणना होगी, तो वास्तविक सीटों का पता चलेगा और किसकी सरकार बनेगी, इसका भी खुलासा होगा।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.