City Post Live
NEWS 24x7

झारखंड में फिर तेज हुई चुनावी सरगर्मी, चल रहा राजनीति यात्राओं का दौर

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

झारखंड में फिर तेज हुई चुनावी सरगर्मी, चल रहा राजनीति यात्राओं का दौर

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी फिर से तेज हो गयी है। मौसम खराब होने और दुर्गा पूजा की वजह से बीच में चुनावी अभियान धीमा पड़ गया था। दुर्गोत्सव के समापन और मौसम साफ होने के बाद प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने ढंग से चुनाव अभियान में फिर से जुट गये हैं। चुनाव की तैयारियों और प्रचार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अन्य दलों से काफी आगे है। भाजपा के पक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा झारखंड का दौरा कर चुके हैं। पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश माथुर और सह प्रभारी नंदकिशोर यादव लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने अभी झारखंड विधानसभा चुनाव की तिथि की घोषणा नहीं  की है। चुनाव नवम्बर-दिसम्बर में होने की सम्भावना है। इसे  लेकर राज्य में  कई राजनीतिक यात्रायें निकली हुई हैं। भाजपा  की  जोहार जन आशीर्वाद यात्रा की कमान मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद सम्भाले हुए हैं। इस यात्रा के क्रम में दास अभी कोल्हान में जनसभा और लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पोटका से तीसरे चरण की जन आशीर्वाद यात्रा शुरु की थी। कोल्हान में  दास की यह यात्रा रविवार तक चलेगी। कोल्हान के बाद मुख्यमंत्री  उत्तरी छोटानागपुर और उसके बाद पलामू प्रमंडल की यात्रा पर निकलेंगे। मुख्यमंत्री ने जन अशीर्वाद यात्रा की शुरुआत पिछले माह संथाल परगना के जामताड़ा से की थी। उस मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद थे। उधर, राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन इन दिनों प्रमंडलवार बदलाव यात्रा पर हैं। झामुमो की बदलाव यात्रा का समापन 19 अक्टूबर को रांची के हरमू मैदान में होगा। इन यात्राओं के बीच शनिवार को झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) की ओर से एक नई यात्रा निकाली गयी। झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने खूंटी के मनोहरपुर से जनादेश यात्रा की शुरुआत की। मरांडी की यह यात्रा 23 अक्टूबर तक चलेगी। जनता दल यूनाइटेड (जद-यू)  ने राज्य में  दो चरण की जन भावना यात्रा पूरी कर ली है। जदयू की तीसरे चरण की जन भावना यात्रा अभी संथाल परगना में चल रही है। इसका नेतृत्व राज्यसभा में पार्टी  के नेता रामचन्द्र प्रसाद सिंह कर रहे हैं।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.