City Post Live
NEWS 24x7

भाजपा की कोई उपलब्धि है ही नहीं, इसलिए गिनानी पड़ती है : खत्री

-sponsored-

- Sponsored -

-sponsored-

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा है कि भाजपा की कोई उपलब्धि है ही नहीं। इसलिए पार्टी के नेताओं को बार-बार कार्यकर्ताओं को कहना पड़ता है कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियां जनता के बीच ले जायें। झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता तनुज खत्री ने शुक्रवार को कहा कि असल में मोदी सरकार की नाकामियां इतनी ज्यादा हैं कि कोरोना संकट के काल में भी मजदूरों को लाचार बनाने वाली पार्टी प्रचार के लिए मरी जा रही है। तनुज ने कहा कि यदि लॉक डाउन की घोषणा करने से पहले जनता को समय दिया गया होता तो मजदूरों की दयनीय हालत न होती। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सबसे बड़ी विफलता तो यह है कि उसने देश की वित्तीय हालत खास्ता कर दी। उन्होंने कहा कि संकट के समय में देश के सार्वजनिक संस्थानों का निजीकरण किया और पूंजीपतियों की पार्टी होने का फर्ज अदा किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मजदूर विरोधी है। तनुज ने कहा कि कोरोना संकट के समय में भाजपा शासित राज्यों में जिस प्रकार श्रम कानूनों में संशोधन कर उनके हितों पर चोट की गयी और उनके काम के घंटे आठ से बढ़ाकर 12 घंटे किये गये उससे भाजपा सरकार का मजदूर विरोधी रवैया उजागर हो गया। केंद्र सरकार ने लॉक डाउन का इस्तेमाल मजदूरों को प्रताडि़त करने के लिए किया। पूंजीपतियों के 68,000 करोड़ माफ करने की रहमदिली केंद्र सरकार ने दिखायी पर बेबस मजदूरों से रेल का भी किराया वसूला। कोरोना संकट में मजदूरों से लेकर झारखंड की जनता हेमंत सरकार के कार्यों की सराहना कर रही है। लेकिन प्रदेश भाजपा इस वक्त भी ओछी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि मजदूर जहाज से आये तो भाजपा को मिर्ची लगी। असल में सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा को सरकार की आलोचना का मर्ज लग गया है और इसका कोई इलाज नहीं है। भाजपा के पत्रवीर नेता रोज मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सुझाव देते हैं लेकिन कभी केंद्र को पत्र लिखकर यह नहीं कहा कि झारखंड सरकार का बकाया दे दें।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.