गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर करेंगे झारखंड के चार विद्यार्थी कदमताल

City Post Live

रांची : दिल्ली में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) पर आयोजित होनेवाली परेड में इस बार भी झारखंड के चार युवा कदमताल करते दिखेंगे। इन युवाओं का चयन एनएसएस कैडेट के रूप में किया गया है। इनमें रांची के निर्मला कॉलेज से छात्रा दीपा कुमारी और हजारीबाग विनोबा भावे विश्वविद्यालय से तीन विद्यार्थी ज्योति जरिका, अंकित कुमार अग्रवाल और सुजीत कुमार शामिल हैं। इस साल झारखंड से चयनित चारों युवा 31 दिसंबर से ही दिल्ली में राजपथ पर होनेवाली परेड के लिए कठिन अभ्यास में जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार ये सभी एनएसएस के समूह में प्रतिदिन सुबह 5:40 से शाम 5:00 बजे तक एकेडमिक मोटिवेशनल सेशन में शामिल होने के अलावा परेड का अभ्यास कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बीते साल भी दिल्ली में हुई राजपथ पर परेड के लिए झारखंड से नौ युवाओं के चयन हुआ था, जिसमें रांची के चार युवा शामिल थे। राज्य एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि रिपब्लिक डे फाइनल के लिए झारखंड से छह और पटना से छह का चयन होता है, लेकिन कोरोना के कारण झारखंड-बिहार रीजन से केवल आठ का चयन फाइनल के लिए हुआ।

Share This Article