City Post Live
NEWS 24x7

बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित, अगले तीन दिनों तक छाये रहेंगे बादल

- Sponsored -

-sponsored-

- Sponsored -

बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित, अगले तीन दिनों तक छाये रहेंगे बादल

सिटी पोस्ट लाइव, रांची: नए साल की शुरुआत बादल, धुंध और बारिश से हुई है। गुरूवार को राजधानी रांची का मौसम सुबह थोड़ा खुला था पर दोपहर होते-होते बादल छा गए और दिन में अंधेरा-सा छा गया। वहीं दोपहर बाद हुई बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई। रांची स्थित भारत मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार झारखंड के उत्तरी व मध्य भाग में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे। चार जनवरी को भी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बोकारो में शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम पूर्वानुमान के तहत दो जनवरी को राज्य के एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि व वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि दो जनवरी को राज्य के कई स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। वहीं राज्य के एक-दो स्थानों पर भीषण शीत दिवस की भी स्थिति बनी। सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके का छह डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि रांची का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री, डालटनगंज में 12.5 डिग्री, बोकारो का 12.1, चाईबासा का 11 और दुमका का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी रांची में बुधवार शाम से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। वहीं बारिश के कारण कई इलाकों में जल-जमाव की भी स्थिति उत्पन्न हो गयी।

-sponsored-

- Sponsored -

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

-sponsored-

Comments are closed.