City Post Live
NEWS 24x7

कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, पटना पहुंचे सभी विधायकों को ठहराया अलग-अलग होटलों में

- Sponsored -

-sponsored-

- Sponsored -

सिटी पोस्ट लाइव : कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक आज बुलाई है। इसके लिए सभी विधायकों को पटना बुलाया गया है। बैठक में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय भी शामिल होंगे। पटना पहुंचे सभी विधायकों को अलग-अलग होटलों में ठहराया गया है।

प्रवक्ता राजेश राठौर ने बताया कि गुरुवार को पार्टी के सभी विधायक पटना पहुंच गए। कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में सभी जुटे। सदाकत आश्रम में स्थापित गांधी जी की प्रतिमा पर विधायकों ने बिहार प्रभारी वीरेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में माल्यार्पण किया। इसके बाद सभी विधायक महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव से मिलने उनके आवास पहुंचे।

सभी विधायकों को पटना के अलग-अलग होटलों में ठहराया गया है। पार्टी नेतृत्व सभी विधायकों के संपर्क में है। शुक्रवार की दोपहर दो बजे से विधायक दल की बैठक होनी है। सूत्रों ने बताया कि एकमात्र बक्सर के विधायक मुन्ना तिवारी आज पटना नहीं पहुंच सके। वे विंध्याचल में हैं। उम्मीद है कि शुक्रवार तक वे पटना पहुंचेंगे। बैठक के पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा भी पटना आ जाएंगे। बता दें कि डॉ. झा मधुबनी में हैं, जहां उनके विधान परिषद चुनाव की मतगणना चल रही थी जो पूरी हो चुकी है। डॉ. मदन मोहन झा ने जीत हासिल कर ली है।

बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 19 सीटों पर सिमट जाने पर पार्टी महासचिव तारिक अनवर ने कहा कि कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन के कारण ही महागठबंधन की सरकार नहीं बन पाई। उन्होंने कहा कि ऐसे में उनकी पार्टी को आत्मचिंतन करना चाहिए कि उससे चूक कहां हुई।

तारिक अनवर ने यह भी कहा कि बिहार में एआईएमआईएम का प्रवेश शुभ संकेत नहीं है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने सीमांचल क्षेत्र की पांच सीटें जीती हैं। कटिहार से कई बार लोकसभा सदस्य रह चुके अनवर ने ट्वीट कर कहा, भले ही भाजपा गठबंधन येन केन प्रकारेण चुनाव जीत गया, परन्तु सही में देखा जाए तो बिहार चुनाव हार गया। इस बार बिहार परिवर्तन चाहता था। 15 वर्षों की निकम्मी सरकार से छुटकारा और बदहाली से निजात चाहता था।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हमें सच को स्वीकार करना चाहिए। कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन के कारण महागठबंधन की सरकार से बिहार महरूम रह गया। कांग्रेस को इस विषय पर आत्मचिंतन जरूर करना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, बीजेपी की मेहरबानी रही तो नीतीश कुमार इस बार अंतिम रूप से सीएम पद की शपथ लेंगे।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए 125 सीटें हासिल करके एक बार फिर से सरकार बनाने जा रहा है। आरजेडी की अगुवाई वाले महागठबंधन को 110 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। इस गठबंधन में 70 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटों पर जीत मिली।

- Sponsored -

-sponsored-

Subscribe to our newsletter
Sign up here to get the latest news, updates and special offers delivered directly to your inbox.
You can unsubscribe at any time

- Sponsored -

Comments are closed.