मुख्यमंत्री ने 7वीं पुण्यतिथि पर जस्टिस एलपीएन शाहदेव को श्रद्धा सुमन अर्पित की
सिटी पोस्ट लाइव, रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को राजधानी रांची के जस्टिस एलपीएन शाहदेव चौक पर आयोजित कार्यक्रम में 7वीं पुण्यतिथि पर जस्टिस एलपीएन शाहदेव की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की। ज्ञात हो कि शाहदेव का जन्म 3 जनवरी 1930 को लातेहार जिला के चंदवा प्रखं के रोल गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रोल गांव के सरकारी स्कूल से पूरी की। रांची कॉलेज से स्नातक और पटना विश्वविद्यालय से लॉ की पढ़ाई की। न्यायिक सेवा में उनका चयन 1958 में हुआ। एलपीएन शाहदेव झारखंड के पहले मूल निवासी थे जिन्हें उच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनने का गौरव प्राप्त हुआ। 1998 में अलग राज्य गठन संबंधी बिल को लोकसभा में लाने की घोषणा हुई तो लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि मेरी लाश पर झारखंड बनेगा। इसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा, आजसू, कांग्रेस समेत झारखंड के 16 राजनीतिक दलों ने एक मंच पर आकर सर्वदलीय अलग राज्य समिति का गठन किया। समिति का अध्यक्ष जस्टिस शाहदेव को बनाया गया। अलग राज्य की मांग को लेकर अभूतपूर्व झारखंड बंद के दौरान जस्टिस शाहदेव की गिरफ्तारी हुई थी।
Comments are closed.